भारत की कूटनीति का असर: स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पार कर सुरक्षित मुंबई पहुंचा तेल टैंकर
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति का असर अब वैश्विक तेल आपूर्ति पर भी दिखने लगा है। खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज (Strait of Hormuz), जो दुनिया के लिए तेल आपूर्ति का बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है, इन दिनों काफी संवेदनशील बना हुआ है।
इस क्षेत्र में कई तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने की खबरों के बीच वैश्विक बाजार में चिंता बढ़ गई थी। लेकिन इसी बीच भारत के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है।
दरअसल, सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर आ रहा “शेनलोंग (Shenlong)” नाम का टैंकर सुरक्षित रूप से हॉर्मुज जलडमरूमध्य को पार करते हुए मुंबई बंदरगाह पहुंच गया है। यह घटनाक्रम भारत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मौजूदा हालात में इस मार्ग से तेल आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बना हुआ था।
बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे भारत की कूटनीतिक पहल का भी बड़ा योगदान है। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हाल ही में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ बातचीत की थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों देशों के बीच हुई इस बातचीत के बाद ही भारतीय तेल टैंकर को सुरक्षित रास्ता मिल पाया। इससे न केवल भारत की ऊर्जा सुरक्षा को राहत मिली है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कूटनीति की भी सराहना हो रही है।
माना जा रहा है कि यदि इसी तरह स्थिति संभली रहती है तो आने वाले समय में भारत के लिए तेल आपूर्ति का यह महत्वपूर्ण मार्ग खुला रह सकता है।
वापस जाएं